डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. और एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने संयुक्त ब्रीफिंग में दिए कड़े निर्देश
पटना, 27 सितंबर 2025।
दुर्गापूजा के अवसर पर पटना जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. और वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने शनिवार को श्रीकृष्ण स्मारक भवन में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को संयुक्त ब्रीफिंग दी। दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि उत्कृष्ट भीड़-प्रबंधन, सुगम यातायात और मजबूत विधि-व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पटना शहर 8 जोन में बांटा गया
त्योहार के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पटना शहर को 8 जोन में विभाजित किया गया है।
जिलेभर में 630 स्थानों पर दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।
संवेदनशील क्षेत्रों में सशस्त्र बल, लाठी बल और 4 क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तैनात होंगी।
जेपी गंगा पथ और मुख्य मार्गों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी।
बाइकर्स गैंग और असामाजिक तत्वों पर तत्काल कार्रवाई का आदेश है।
त्योहार आयोजनों पर सख्त नियम
बिना अनुमति कोई जुलूस, मेला या सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होगा।
पूजा पंडालों के लिए अनुज्ञप्ति और अग्निशमन व्यवस्था अनिवार्य।
सीसीटीवी और वीडियोग्राफी की व्यवस्था आयोजकों को करनी होगी।
डीजे और आतिशबाजी पूरी तरह प्रतिबंधित।
रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर पर रोक।
मूर्ति विसर्जन केवल कृत्रिम तालाबों में ही होगा, नदी में विसर्जन पर पूर्ण प्रतिबंध।
इको-फ्रेंडली पूजा और विसर्जन को बढ़ावा देने का आदेश।
कानून-व्यवस्था संधारण के निर्देश
किसी भी संदेहास्पद सूचना पर तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष (0612-2219810, 2219234) या आपात सेवा 112 पर जानकारी दें।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
सीसीटीवी, वीडियोग्राफी और ड्रोन निगरानी से गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया है।
अन्य प्रावधान और जनहित निर्देश
पूजा पंडालों में विद्युत, संरचना और अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य।
जुलूस मार्गों और विसर्जन स्थलों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा।
पूजा आयोजकों को स्पष्ट कर दिया गया है कि नियमों का पालन न करने पर परिणामों की जिम्मेदारी उन्हीं की होगी।
दुर्गापूजा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति, बेहतर यातायात प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
शांति-व्यवस्था पर प्रशासन का फोकस
जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दुर्गापूजा शांति और सौहार्द्र का पर्व है। सभी पदाधिकारी सतर्क, तत्पर और प्रतिबद्ध रहकर यह सुनिश्चित करें कि आम जनता को कोई असुविधा न हो और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो।
