Saturday, September 13, 2025
HomeTop Storiesपटना गंगा घाट पर "नो प्लास्टिक फैंटास्टिक" अभियान की शुरुआत

पटना गंगा घाट पर “नो प्लास्टिक फैंटास्टिक” अभियान की शुरुआत

27 किलो कचरा निकाला गया, श्रद्धालुओं से पर्यावरण-हितैषी विकल्प अपनाने की अपील

पटना, 8 सितंबर 2025।

गंगा मां की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए रविवार से पटना के गंगा घाटों पर “मिशन फॉर क्लीन गंगा” अभियान की शुरुआत की गई। बुडको एमडी सह नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर के निर्देश पर शुरू हुई यह मुहिम अगले एक महीने तक चलेगी और दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा तक निरंतर जारी रहेगी। इस दौरान गंगा घाट सफाई के साथ-साथ जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

अभियान का आगाज जेपी सेतु गंगा घाट से हुआ, जहां बीइंग हेल्पर फाउंडेशन की टीम ने सफाई अभियान चलाया। घाट पर पूजा सामग्री में मिले पॉलिथीन, प्लास्टिक डिब्बे और अन्य अपशिष्ट इकट्ठा कर हटाए गए। अभियान के तहत घाट से 27 किलो कचरा निकाला गया जिसे पटना नगर निगम को सौंप दिया गया।

श्रद्धालुओं से अपील – “प्लास्टिक न लाएं, विकल्प अपनाएं”

सफाई अभियान के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की गई कि वे पूजा या विसर्जन के दौरान प्लास्टिक सामग्री का प्रयोग न करें। बुडको ब्रांड एंबेसडर शुभम कुमार ने कहा,

“हर साल त्योहारों के दौरान लाखों श्रद्धालु गंगा घाटों पर आते हैं। मूर्ति विसर्जन और पूजा सामग्री अक्सर प्लास्टिक बैग या सिंगल-यूज़ प्लास्टिक में गंगा में डाली जाती है, जिससे गंगा मां प्रदूषित होती हैं। हमारा लक्ष्य है कि इस बार सभी को जागरूक कर गंगा को प्रदूषण से बचाया जाए।”

अभियान का मुख्य संदेश

गंगा में प्लास्टिक सामग्री का विसर्जन न करें

पूजा-पर्व पर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करें

कपड़े के थैले, पत्तों के डोंगे और मिट्टी के दीये जैसे पर्यावरण-हितैषी विकल्प अपनाएं

नमामी गंगे (बुडको) और पटना नगर निगम ने आम जनता से अपील की है कि इस पूजा-पर्व पर सभी लोग प्लास्टिक मुक्त संकल्प लें और गंगा मां की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे