चेतावनी के बावजूद लापरवाही: डाक बंगला चौराहा पर निर्माणाधीन नाले में गिरी कार, नगर निगम पर उठे सवाल
मनोज कश्यप
पटना।
शहर के व्यस्ततम न्यू डाक बंगला चौराहा रोड पर चल रहे नाला निर्माण कार्य को लेकर नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर उजागर हो गई है।
न्यूज़ लहर ने मात्र 15 दिन पहले ही इस स्थान का निरीक्षण कर खबर प्रकाशित की थी, जिसमें स्पष्ट रूप से बताया गया था कि नाले के दोनों ओर सुरक्षा दीवार या बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
न्यू डाकबंगला रोड पर मौत से जूझते वाहन चालक, नाले की खुदाई के बीच बिना सुरक्षा चल रहा ट्रैफिक
लेकिन चेतावनी और मीडिया रिपोर्ट के बावजूद नगर निगम अधिकारियों ने इस दिशा में कोई पहल नहीं की। नतीजतन, रविवार को एक चार पहिया वाहन अनियंत्रित होकर सीधे इसी निर्माणाधीन नाले में गिर पड़ा। संयोगवश किसी की जान नहीं गई, अन्यथा यह हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
जिम्मेदारी से बचते अधिकारी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निगम अधिकारी लगातार इस गंभीर खतरे से आंखें मूंदे बैठे हैं। लाखों रुपये खर्च कर सड़क किनारे नाला तो खोद दिया गया, लेकिन सुरक्षा के नाम पर न तो बैरिकेडिंग लगाई गई और न ही चेतावनी बोर्ड। यह लापरवाही सीधे तौर पर पटना नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है।
क्या किसी बड़ी त्रासदी का इंतजार?
यह सवाल शहरवासियों के बीच गूंज रहा है कि आखिर नगर निगम किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार क्यों कर रहा है? क्या किसी जान जाने के बाद ही निगम हरकत में आएगा और निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजाम करेगा?
त्वरित कार्रवाई की मांग
शहर के नागरिकों ने नगर प्रशासन से मांग की है कि निर्माणाधीन नाले के दोनों ओर तुरंत सुरक्षा दीवार या मजबूत बैरिकेडिंग लगाई जाए। अन्यथा, इस तरह की दुर्घटनाएं भविष्य में गंभीर जनहानि का कारण बन सकती हैं।