पटना, 31 अगस्त 2025: खेल विभाग, बिहार के तत्वावधान में जिला प्रशासन, पटना द्वारा आयोजित तीन दिवसीय खेलोत्सव का समापन रविवार को “संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम के साथ हुआ। इस रैली का उद्देश्य लोगों को खेल एवं फिटनेस के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
खेल भवन से प्रारंभ होकर रैली मैकडोनाल्ड गोलम्बर, टेलिफोन एक्सचेंज, राजेन्द्र नगर गोलम्बर, आर्य कुमार रोड, दिनकर गोलम्बर और प्रेमचंद गोलम्बर होते हुए पुनः खेल भवन पर समाप्त हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रशिक्षक, खेल संघ के पदाधिकारी और खेल प्रेमियों ने भाग लिया।
रैली की शुरुआत बिहार ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार और जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर की। सभी का स्वागत साई प्रशिक्षण केंद्र, पटना के प्रभारी सी. सोमेश्वर राव ने पुष्पगुच्छ देकर किया। साथ ही वरिष्ठ एनआईएस कोच अभिषेक कुमार, दीपक कुमार, किरण कुमार झा, धीरेन्द्र पासवान, अजीत कुमार और अमरूद्दीन अंसारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
खेल भवन के सभागार में बनाए गए फैन पार्क में रविवार को राजगीर में जारी हीरो एशिया कप पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2025 के मैचों का लाइव प्रसारण देखने के लिए खेलप्रेमियों की भीड़ जुटी। वहीं, प्रतियोगिता के लिए बनाए गए सेल्फी प्वॉइंट पर लोगों ने तस्वीरें खिंचवाकर इस उत्सव को यादगार बनाया।
यह कार्यक्रम खेल के प्रति उत्साह बढ़ाने और शहरवासियों को फिटनेस के लिए प्रेरित करने में सफल रहा।
