Saturday, March 21, 2026
Homeप्रेरणागंगा स्वच्छता और जल संरक्षण हेतु बिहटा और मनेर में उमड़ा जनसैलाब:...

गंगा स्वच्छता और जल संरक्षण हेतु बिहटा और मनेर में उमड़ा जनसैलाब: ‘जल अर्पण’ से ‘सुजल ग्राम’ की ओर बढ़ते कदम

पटना | 21 मार्च, 2026

​नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत ‘गंगा स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ (16-31 मार्च) और ‘जल महोत्सव 2026’ के समन्वय से आज पटना जिले के बिहटा और मनेर में जल संरक्षण और स्वच्छता का एक भव्य शंखनाद हुआ। जिला पदाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला गंगा समिति, पटना के दिशा-निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में जन-भागीदारी का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला।

​”गांव का उत्सव, देश का महोत्सव” के ओजस्वी नारे के साथ आयोजित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण जल प्रणालियों के प्रबंधन में समुदाय की भूमिका को सशक्त करना है। श्रीरामपुर शिव मंदिर (बिहटा) और मनेर के ऐतिहासिक त्रिवेणी संगम घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों ने श्रमदान, पौधरोपण और जल एवं स्वच्छता की शपथ ली।

​मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के ‘अविरल और निर्मल गंगा’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए आज के आयोजन में महिलाओं और युवाओं की सक्रियता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, बिहटा नगर परिषद की सभापति श्रीमती प्रियंका कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर जल सेवा का संदेश दिया।

​इस अवसर पर श्री दीपेन्द्र मणि (जिला परियोजना पदाधिकारी, जिला गंगा समिति) ने संबोधित करते हुए कहा:

​”इस अभियान का लक्ष्य केवल सफाई नहीं, बल्कि समुदायों को अपनी जल प्रणालियों की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। हम हर गांव को ‘सुजल ग्राम’ के रूप में विकसित करने की दिशा में अग्रसर हैं।”

​कार्यक्रम में स्वच्छता पदाधिकारी सुश्री साक्षी पाठक, IIT पटना के ऊर्जावान स्वयंसेवक, युवा मंडल के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय सफाई कर्मियों एवं ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। श्रमदान के माध्यम से घाटों की सफाई की गई और पर्यावरण संरक्षण हेतु फलदार एवं छायादार पौधे रोपे गए।

​यह आयोजन न केवल जल प्रबंधन को सुदृढ़ करने का प्रयास है, बल्कि महिला सशक्तिकरण को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का एक सफल उदाहरण भी पेश करता है।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे