कोलकाता: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भारत निर्वाचन आयोग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए कई शीर्ष अधिकारियों को उनके पदों से हटा दिया है।

मुख्य सचिव और गृह सचिव के बाद अब राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) और कोलकाता पुलिस आयुक्त (CP) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव किया गया है।
निर्वाचन आयोग के आदेश पर राज्य के मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को हटाकर 1993 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी दुष्यंत नरियाला को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं राज्य के गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा की जगह 1997 बैच की IAS अधिकारी संघमित्रा घोष को गृह और पहाड़ी मामलों के विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है।

इसी क्रम में राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) पीयूष पांडे को भी उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह 1992 बैच के IPS अधिकारी सिद्ध नाथ गुप्ता को पश्चिम बंगाल का नया DGP नियुक्त किया गया है। आयोग के अनुसार गुप्ता फिलहाल आईजीपी के पद की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
इसके अलावा सुप्रतिम सरकार के स्थान पर अजय कुमार नंद को कोलकाता पुलिस का नया आयुक्त (CP) बनाया गया है।
राज्य पुलिस के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव किया गया है। ADG (लॉ एंड ऑर्डर) विनीत गोयल की जगह 1995 बैच के IPS अधिकारी अजय मुकुंद रानाडे को नियुक्त किया गया है। वहीं 1991 बैच के IPS अधिकारी नटराजन रमेश बाबू को DG (प्रिज़न्स) की जिम्मेदारी दी गई है।
निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार यह सभी बदलाव आगामी विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने तथा प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से किए गए हैं। आयोग ने सभी अधिकारियों को तुरंत पदभार संभालने का निर्देश दिया है।
राजनीतिक हलकों में चुनाव से पहले हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे चुनावी प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था पर सीधा असर पड़ सकता है।
