पटना/नई दिल्ली: बिहार में TRE-4 शिक्षक बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर हुए पुलिसिया लाठीचार्ज ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।
राहुल गांधी का सरकार पर प्रहार
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लाठीचार्ज का वीडियो साझा करते हुए सरकार की नीतियों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अपने हक और रोजगार की मांग कर रहे भावी शिक्षकों को जिस तरह से पीटा गया है, वह बेहद निंदनीय है। राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा:
“अपने रोजगार का हक मांगते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों को बिहार पुलिस ने बेरहमी से पीटा। फिर से बेरोजगार युवाओं को BJP का जवाब – लाठी।”
उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि भारत का युवा अब झूठ की राजनीति से थक चुका है और वह अब चुप नहीं बैठने वाला। राहुल ने भरोसा दिलाया कि इस संघर्ष में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ युवाओं के साथ खड़ी है।
राजधानी पटना में छात्र नेता दिलीप की गिरफ्तारी और करीब 5000 अज्ञात लोगों पर FIR दर्ज होने के बाद गुस्सा और भड़क गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे केवल नौकरी मांग रहे थे, लेकिन बदले में उन्हें जेल और लाठियां मिल रही हैं।
इस घटना के विरोध में आज मुजफ्फरपुर में भी भारी प्रदर्शन देखा गया। वामपंथी दलों और छात्र संगठन AIDSO के नेतृत्व में LS कॉलेज परिसर से जुलूस निकाला गया और कॉलेज गेट पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि गिरफ्तार छात्रों को तुरंत रिहा किया जाए और बहाली की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से शुरू की जाए।
दूसरी ओर, गांधी मैदान थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा के अनुसार, पुलिस ने भीड़ को उकसाने और कानून व्यवस्था भंग करने के आरोप में कार्रवाई की है। पुलिस ने मजिस्ट्रेट के बयान के आधार पर यातायात बाधित करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में कई अभ्यर्थियों पर मामला दर्ज किया है।
