Tuesday, June 30, 2026
Homeसेहतचिकित्सक धरती के भगवान, सेवा को व्यवसाय बनने से बचाना होगा" —...

चिकित्सक धरती के भगवान, सेवा को व्यवसाय बनने से बचाना होगा” — नई दिशा परिवार के समारोह में गूंजी आवाज

पटना। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (1 जुलाई) की पूर्व संध्या पर मंगलवार को बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सभागार में एक भव्य संगोष्ठी-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। सुप्रसिद्ध स्वयंसेवी संस्था “नई दिशा परिवार” के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘राष्ट्र-निर्माण में चिकित्सकों की भूमिका’ रहा।

​इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले राज्य के अनेक प्रतिष्ठित डॉक्टरों को ‘हेल्थ एक्सीलेंस अवार्ड’ और स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने वाले दिग्गजों को ‘हेल्थ अवेयरनेस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।

चिकित्सक धरती के भगवान, सेवा भावना सर्वोपरि: मुख्य अतिथि

​कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए बिहार के कला-संस्कृति मंत्री ने कहा कि चिकित्सक धरती के भगवान माने जाते हैं, क्योंकि उनकी सेवाओं से ही संसार रोगमुक्त होता है। उन्होंने डॉक्टरों से सदैव सेवा-भावना के साथ उपचार करने की अपील की। मंत्री जी ने हमारी प्राचीन चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद और योग को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि हमें अपनी समृद्ध विरासत पर गर्व होना चाहिए।

​बिहार हिंदी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष और समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. अनिल सुलभ ने भारत रत्न डॉ. विधान चंद्र राय (डॉ. बी.सी. रॉय) को याद करते हुए कहा:

​”पटना में जन्मे डॉ. बी.सी. रॉय का जीवन मानव और राष्ट्र-सेवा का अनुपम उदाहरण है। आज जब अंग्रेजी चिकित्सा सेवा महंगी और व्यावसायिक होती जा रही है, हमें इस महान सेवा को शुद्ध व्यवसाय बनने से बचाना होगा।”

दिग्गज चिकित्सकों और समाजसेवियों का हुआ सम्मान

​समारोह में चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री डॉ. गोपाल प्रसाद सिन्हा समेत 20 से अधिक डॉक्टरों को ‘हेल्थ एक्सीलेंस अवार्ड’ से नवाजा गया।

हेल्थ एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित प्रमुख चिकित्सक: पद्मश्री डॉ. गोपाल प्रसाद सिन्हा, डॉ. (प्रो.) एस. अद्वैत कृष्णा, डॉ. दिवाकर तेजस्वी, डॉ. अवधेश शर्मा, डॉ. तर्जनी शंकर, डॉ. ज्योति प्रकाश, डॉ. पूजा, डॉ. सीतेश कुमार कर्ण, डॉ. कुमार अभिनव, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. त्रिलोकी गोलवारा, डॉ. अनिल कुमार (नवादा), डॉ. आर.पी. सिंह (होमियोपैथ), डॉ. आर.के. गुप्ता, डॉ. कौशल कुमार, डॉ. अभिनव सिंह, डॉ. सुधीर शर्मा, डॉ. आनंद शंकर, डॉ. मयंक अस्मित और डॉ. विकास कुमार।

हेल्थ अवेयरनेस अवार्ड से सम्मानित प्रबुद्ध जन: स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय योगदान के लिए अभिषेक कुमार, अमित कुमार, अभिषेक श्रीवास्तव, कुमार पंकज सिन्हा, मनोज कुमार, मो. वासिम अंसारी, मुकेश कुमार वर्मा, मोहित कुमार, शैल सिंह, धीरेन्द्र गुप्ता और प्रेम कुमार को सम्मानित किया गया।

गहन विमर्श और सांस्कृतिक प्रस्तुति

​समारोह की अध्यक्षता करते हुए विख्यात चिकित्सक पद्मश्री डॉ. गोपाल प्रसाद सिन्हा ने डॉ. विधान चंद्र रॉय की स्मृति को नमन किया। कार्यक्रम में सिक्किम के पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, पटना की महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी चन्द्रवंशी और कमल नयन श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त किए और डॉक्टरों को राष्ट्र व समाज का सजग प्रहरी बताया।

​समारोह का सफल संचालन संस्था के सचिव राजेश राज ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत मुख्य संरक्षक राजेश बल्लभ ने किया। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ समाजसेवी शिव प्रसाद मोदी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस दौरान उजाला राज और प्रियांशी आर्य ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उज्जवल राज, ऋतु राज, परितोष कुमार, नागेंद्र पंडित और सोनी प्रिया सहित कई कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे