पटना, 24 सितम्बर 2025।
मुख्यमंत्री कलाकार पेंशन योजना के क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को पटना समाहरणालय में जिला पदाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. की अध्यक्षता में जिला-स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया ताकि अधिक से अधिक योग्य कलाकार इस योजना का लाभ उठा सकें।
डीएम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लगभग तीन माह पूर्व लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के तहत वरिष्ठ एवं आर्थिक रूप से कमजोर कलाकारों को प्रति माह ₹3,000 पेंशन प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह कदम कलाकारों को सम्मानजनक जीवन जीने में मदद करेगा और बिहार की समृद्ध कला एवं सांस्कृतिक परंपरा को सुरक्षित रखने में बड़ा योगदान साबित होगा।
योजना के लाभार्थी कौन?
डीएम ने जानकारी दी कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रहने वाले पारंपरिक, शास्त्रीय, चाक्षुष एवं प्रदर्शन कलाओं से जुड़े कलाकार इस योजना के पात्र होंगे।
कलाकार की आयु 50 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए।
वार्षिक आय ₹1,20,000 से कम होनी चाहिए।
कला के क्षेत्र में न्यूनतम 10 वर्षों का अनुभव होना आवश्यक है।
कलाकार का नाम विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत होना चाहिए।
इच्छुक कलाकार निर्धारित प्रपत्र में आवेदन जिलाधिकारी को प्रस्तुत कर सकते हैं। समीक्षा समिति द्वारा आवेदनों की जांच के बाद योग्य आवेदनों को सरकार को अग्रसारित किया जाएगा। इसके उपरांत कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा चयनित कलाकारों को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि दी जाएगी।
बैठक में हुई प्रगति
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कीर्ति आलोक ने बताया कि पटना जिले से अब तक 27 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से सभी की जांच पूरी कर ली गई है। समिति द्वारा विधिवत समीक्षा की गई और योग्य आवेदनों को विभाग को भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। त्रुटिपूर्ण आवेदनों के आवेदकों को सुधार हेतु सूचित किया जाएगा।
बैठक में समिति के सदस्य पद्मश्री श्याम शर्मा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी लोकेश कुमार झा, आकाशवाणी प्रतिनिधि अलका प्रियदर्शिनी तथा सदस्य-सचिव जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि कोई भी पात्र कलाकार इससे वंचित न रह जाए।
