G-HMMWBCZ928
Saturday, October 10, 2026
HomeTop Storiesपटना के 5 बड़े होटलों में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई:...

पटना के 5 बड़े होटलों में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: होटल मौर्या में एल्युमिनियम के बर्तनों पर रोक

पटना के 5 बड़े होटलों में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: होटल मौर्या में एल्युमिनियम के बर्तनों पर रोक

​पटना। बिहार की राजधानी पटना में आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले बड़े और नामचीन होटलों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। खाद्य सुरक्षा आयुक्त कुमार रवि के कड़े निर्देशों पर विभाग की विशेष जांच टीम ने शहर के पांच बड़े प्रतिष्ठित होटलों—हॉटेल मौर्या, पाटलिपुत्र एक्सोटिका, होटल ग्रैंड ग्रैंड (ग्रैंड बैड), द पनाह और लेमन ट्री—में औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

​इस दौरान कई होटलों की रसोई में भारी अनियमितताएं, फंगस लगा खाना, एक्सपायरी सामग्री और भयानक गंदगी पाई गई, जिसके बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए खराब भोजन को मौके पर ही नष्ट करवाया और सभी होटलों को 14 दिनों का अल्टीमेटम जारी किया है।

​1. होटल मौर्या: एल्युमिनियम के बर्तनों के इस्तेमाल पर तत्काल रोक

​गांधी मैदान स्थित पटना के प्रसिद्ध होटल मौर्या में निरीक्षण के दौरान रसोई की स्थिति चिंताजनक पाई गई:

​बर्तनों पर प्रतिबंध: रसोई में खाना बनाने के लिए एल्युमिनियम के बर्तनों का इस्तेमाल हो रहा था, जिस पर टीम ने तत्काल रोक लगा दी।

​तापमान व फ्रीजर में खराबी: खाने को गर्म व ठंडा रखने का कोई तापमान रिकॉर्ड मौजूद नहीं था। फ्रीजर और डीप फ्रीजर में जंग लगा हुआ पाया गया।

​गंदगी व बिना ढक्कन का भोजन: कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता असंतोषजनक थी। नाली व ड्रेनेज सिस्टम बदहाल स्थिति में थे और खाद्य सामग्रियां बिना ढक्कन के रखी पाई गईं।

​सैंपल जब्त: टीम ने पनीर और सॉल्टेड बटर के नमूने लेकर जांच के लिए अगमकुआं स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं।

​2. पाटलिपुत्र एक्सोटिका: एक्सपायरी सामान बरामद, बिल पर FSSAI नंबर गायब

​पाटलिपुत्र एक्सोटिका में नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही थीं:

​जब्त व नष्ट सामान: जांच में 6 किलो राज मिलर, 8 किलो बेकरी मिक्स, 1.5 किलो हड़दाल और 100 ग्राम एक्सपायरी तीखा सॉस मिला, जिसे टीम ने तुरंत नष्ट करा दिया।

​गंभीर खामियां: रसोई का वेंटिलेटर टूटा था, चिमनी में कालिख और गंदगी जमा थी, तथा होटल के बिलों पर अनिवार्य FSSAI नंबर अंकित नहीं था।

​सैंपल जांच: पनीर, चीज, टमाटर सॉस और लिक्विड सॉस के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

​3. होटल ग्रैंड (ग्रैंड बैड): रसोई में फंगस लगा खाना और पुरानी पनीर

​फंगस व गंदगी: होटल की रसोई में सड़ी-गली और फंगस लगी खाद्य सामग्रियां पाई गईं।

​अमानक पनीर: पनीर की आखिरी जांच वर्ष 2024 में कराई गई थी, जिससे बासी पनीर परोसे जाने का अंदेशा जता जा रहा है।

​स्वास्थ्य प्रमाणपत्र का अभाव: रसोई कर्मियों के पास अनिवार्य मेडिकल/स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं थे।

​सैंपल जांच: टीम ने पनीर और अरहर दाल के नमूने सील कर लैब भेजे हैं।

​4. द पनाह होटल: 10 किलो मटन-चिकन और ब्रेड नष्ट

​जांच टीम ने द पनाह होटल में खाद्य पदार्थों के रखरखाव में भारी लापरवाही पाई:

​टीम ने कार्रवाई करते हुए लगभग 10 किलोग्राम खराब मटन-चिकन और 6 पैकेट एक्सपायरी ब्रेड को जब्त कर तुरंत नष्ट करवा दिया।

​5. लेमन ट्री होटल: ड्रेनेज सुधारने का निर्देश और सैंपल कलेक्शन

​लेमन ट्री होटल में मुख्य रूप से सफाई और ड्रेनेज सिस्टम को लेकर कड़े निर्देश दिए गए:

​रसोई के ड्रेनेज (नाली) पर लगी जाली को सही तरीके से ढकने का आदेश दिया गया।

​गुणवत्ता परीक्षण के लिए पनीर, चीज, टमाटर सॉस और लिक्विड सॉस के नमूने एकत्रित किए गए।

​खाद्य विभाग का कड़ा संदेश: 14 दिनों में सुधार का अल्टीमेटम

​खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने साफ किया है कि पटना के सभी 5 बड़े होटलों को अपनी-अपनी कमियों को दूर करने के लिए 14 दिनों का नोटिस जारी किया गया है। यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफाई, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट, खाद्य पदार्थों के सही रखरखाव और मानकों का पालन नहीं किया गया, तो इन होटलों पर कानूनन कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।

​विभाग के अनुसार, शहरवासियों को सुरक्षित, स्वच्छ और उच्च गुणवत्ता वाला भोजन उपलब्ध कराने के लिए राजधानी के होटलों और रेस्टोरेंट में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे