दशहरा एवं रामलीला महोत्सव को लेकर पटना नगर निगम की विशेष तैयारी
गांधी मैदान के अंदर-बाहर अतिक्रमण हटाने के निर्देश, बारिश की स्थिति में त्वरित जलनिकासी की रहेगी व्यवस्था
8 अक्टूबर 2026। पटना
गांधी मैदान में आगामी 11 से 14 अक्टूबर तक “दशहरा महोत्सव 2026” तथा 11 से 21 अक्टूबर तक “रामलीला महोत्सव 2026” का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान पटना नगर निगम द्वारा गांधी मैदान एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, जलनिकासी एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
नगर आयुक्त श्री यशपाल मीणा ने संबंधित अधिकारियों को गांधी मैदान परिसर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने तथा आयोजन से पहले डीप क्लीनिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। मैदान परिसर में घास एवं झाड़ियों की कटाई-सफाई, आवश्यकतानुसार पानी का छिड़काव, फॉगिंग, एंटी लार्वा का छिड़काव तथा अन्य आवश्यक स्वच्छता कार्य कराने का निर्देश दिया है।
गांधी मैदान के अंदर-बाहर अतिक्रमण हटाने के निर्देश
नगर आयुक्त ने गांधी मैदान के अंदर एवं बाहरी परिधि में अतिक्रमण हटाने तथा आयोजन के दौरान अतिक्रमण दोबारा न हो, यह सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित टीमों को दिया है। मुख्य प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया है, ताकि आगंतुकों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।
पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था रहेगी दुरुस्त
महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए गांधी मैदान में पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, परिसर में लगे हाईमास्ट लाइटों को पूर्ण रूप से क्रियाशील रखने तथा आवश्यकता के अनुसार प्रकाश व्यवस्था की जांच ए7वं मरम्मती कराने को कहा गया है।
पटना नगर निगम का विशेष अभियान : दुर्गा पूजा के दौरान रात्रि सफाई और निगरानी कड़ी
बारिश की स्थिति में त्वरित जलनिकासी की व्यवस्था
बारिश की संभावित परिस्थिति को देखते हुए गांधी मैदान के अंदर एवं आसपास चिह्नित जलजमाव वाले हॉटस्पॉट पर सुपर सकर, पंप सेट एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है। सभी उपकरणों को स्टैंडबाइ मोड में रखने तथा बारिश होने की स्थिति में तत्काल जलनिकासी शुरू करने को कहा गया है। संबंधित टीमों को अलर्ट मोड में रहने और बारिश के बाद जलजमाव वाले स्थानों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
आवारा श्वानों को लेकर भी विशेष व्यवस्था
महोत्सव के दौरान गांधी मैदान परिसर में आगंतुकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवारा श्वानों की मौजूदगी पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। नगर आयुक्त ने निगम के पशु चिकित्सा पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करते हुए आयोजन अवधि में गांधी मैदान परिसर को आवारा श्वानों से मुक्त रखने हेतु निर्देशित किया है।
पटना नगर निगम द्वारा संबंधित सभी टीमों एवं अधिकारियों को आयोजन अवधि में सक्रिय एवं अलर्ट मोड में रहते हुए स्वच्छता, जलनिकासी, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि दशहरा एवं रामलीला महोत्सव के दौरान शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
