गयाजी। बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के नेतृत्व में बुधवार को गयाजी में एक भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। यह यात्रा जिला समाहरणालय से प्रारंभ होकर गांधी मैदान स्थित गांधी मंडप तक पहुंची, जहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर यात्रा का समापन किया गया।
इस तिरंगा यात्रा में स्थानीय विधायक मनोरमा देवी, जिला अधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, अनुमंडलाधिकारी, एनसीसी कैडेट्स, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्काउट एवं गाइड, ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि तथा
जीविका दीदियों समेत भारी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार विधान सभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रगाढ़ करने वाला अभियान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों का ध्वज नहीं, बल्कि भारत की संप्रभुता, त्याग, शौर्य और अखंडता का प्रतीक है।
