पटना। मॉनसून 2026 के दौरान पटना शहर और उसके आस-पास के इलाकों को जलजमाव की समस्या से बचाने के लिए बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (बुडको) पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बुडको के प्रबंध निदेशक (एमडी) अनिमेष कुमार पराशर ने एक बड़ा कदम उठाया है। शहर के 7 सबसे संवेदनशील स्थाई ड्रेनेज पंपिंग स्टेशनों (DPS) पर रात के समय भी अभियंताओं (इंजीनियर्स) की विशेष प्रतिनियुक्ति की गई है।
यह व्यवस्था 15 जुलाई की रात से शुरू हो चुकी है और 31 जुलाई 2026 तक जारी रहेगी। इसके तहत तैनात अभियंता रात 10:00 बजे से सुबह 06:00 बजे तक पंपिंग स्टेशनों पर मुस्तैद रहेंगे और अगली शिफ्ट के पदाधिकारी के आने तक वहां से नहीं हटेंगे। इनका मुख्य काम पंपों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना और बारिश होने पर तुरंत ‘क्विक रिस्पॉन्स’ देना होगा।
दो चरणों में तैनात रहेंगे अभियंता
15 दिनों के इस विशेष अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए अभियंताओं की ड्यूटी दो चरणों में लगाई गई है:
प्रथम चरण (15 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक):
पहाड़ी DPS: श्री कर्मेन्द्र कुमार, APD (यांत्रिक)
योगीपुर DPS: श्री सौरभ कुमार, APD (यांत्रिक)
सैदपुर DPS: श्री शेखर कुमार, APD (यांत्रिक)
मंदिरी DPS: श्री राजीव कुमार, APD (यांत्रिक)
राजापुर/गोसाईटोला DPS: श्री अशोक कुमार, APD (यांत्रिक)
कुर्जी DPS: श्री नन्दहरि कुमार, APD (यांत्रिक)
ईको पार्क DPS: श्री शशि कुमार, APD (यांत्रिक)
द्वितीय चरण (23 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक):
पहाड़ी DPS: श्री रंजीत कुमार, DPD (यांत्रिक)
योगीपुर DPS: श्री शशिकांत कुमार, APD (यांत्रिक)
सैदपुर DPS: श्री ऋषिकेश गौतम, DPD (यांत्रिक)
मंदिरी DPS: श्री अजीत कुमार, APD (असैनिक), पाटलिपुत्र अंचल
राजापुर/गोसाईटोला DPS: श्री राजीव रंजन, APD (यांत्रिक)
कुर्जी DPS: श्री आदिल हुसैन, DPD (यांत्रिक)
ईको पार्क DPS: श्री राजीव कुमार, APD (असैनिक), नूतन राजधानी अंचल
हाईटेक कंट्रोल रूम से 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग
बुडको एमडी के निर्देश पर एक अत्याधुनिक कंट्रोल रूम भी तैयार किया गया है, जो तीन शिफ्टों में 24 घंटे काम कर रहा है।
शिफ्ट का समय: सुबह 6 से दोपहर 2 बजे, दोपहर 2 से रात 10 बजे, और रात 10 से सुबह 6 बजे।
तैनाती: हर पाली में एक पदाधिकारी/उप-परियोजना निदेशक और दो डाटा एंट्री ऑपरेटर मौजूद रहते हैं।
समन्वय: बेहतर मैनेजमेंट के लिए यह टीम वॉकी-टॉकी के जरिए पटना नगर निगम (PMC) के साथ लगातार संपर्क में है।
क्या दिखेगा कंट्रोल रूम से लाइव?
इस कंट्रोल रूम के जरिए सभी पंपिंग स्टेशनों के वॉटर लेवल की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। यहां से सीधे देखा जा सकता है कि पंप चल रहा है या नहीं, कितनी बिजली की खपत हुई, पंप कितने घंटे चला, उसका तापमान (टेंप्रेचर) क्या है, ईंधन (फ्यूल) का स्तर क्या है और संप हाउस में पानी की मौजूदा स्थिति क्या है।
प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पराशर ने सभी प्रतिनियुक्त अभियंताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे पूरे मॉनसून अवधि में 24×7 अलर्ट मोड में रहें। उन्होंने पंपिंग स्टेशनों का नियमित निरीक्षण करने और किसी भी तकनीकी खराबी या जलजमाव की शिकायत मिलने पर बिना देरी किए फौरन कार्रवाई करने की बात कही है।
