पटना: बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की पहल पर राजधानी के वीरचंद पटेल पथ स्थित नवनिर्मित विधायक आवासीय परिसर का कायाकल्प होने जा रहा है। अब माननीयों को उनके आवास परिसर में ही विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान अध्यक्ष ने इन परियोजनाओं के ब्लूप्रिंट को अपनी मंजूरी दे दी।
बैठक में भवन निर्माण विभाग के मुख्य वास्तुविद ने स्वास्थ्य केंद्र का प्रेजेंटेशन दिया। प्रस्तावित केंद्र में बुनियादी चिकित्सा व्यवस्थाओं के साथ-साथ कई खास सुविधाएं होंगी:
मल्टी-स्पेशियलिटी सुविधाएं: यहाँ एलोपैथिक के साथ-साथ होम्योपैथी और आयुष पद्धति से भी इलाज की व्यवस्था रहेगी।
जांच केंद्र: प्राथमिक चिकित्सा के लिए अल्ट्रासाउंड, ईसीजी (ECG) जैसी मशीनों से लैस पैथोलॉजी की सुविधा भी परिसर में ही मिलेगी।
विधायकों की फिटनेस और खेल गतिविधियों के लिए एक अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा:
निचला तल: यहाँ एक आधुनिक जिम और मल्टीपरपस हॉल का निर्माण होगा। माननीय अध्यक्ष के निर्देश पर यहाँ एक वीआईपी लाउंज और पैंट्री भी बनाई जाएगी, ताकि अतिथियों का स्वागत बेहतर ढंग से हो सके।
प्रथम तल: यहाँ बैडमिंटन कोर्ट और टेबल टेनिस कोर्ट विकसित किए जाएंगे।
परिसर को पर्यावरण के अनुकूल और सुंदर बनाने के लिए जिला वन पदाधिकारी श्री पीयूष कुमार बरनवाल ने विशेष प्रेजेंटेशन दिया। कंक्रीट के बीच हरियाली को बढ़ावा देने के लिए अनूठी तकनीक का प्रयोग होगा:
विशेष उद्यान: परिसर में बटरफ्लाई गार्डन, हर्बल गार्डन, फ्रूट गार्डन और जापानी तकनीक वाला मियावाकी गार्डन विकसित किया जाएगा।
अन्य आकर्षण: खाली स्थानों पर परगोला, वर्टिकल गार्डन, और सजावटी पौधों के साथ-साथ बच्चों के लिए ‘चिल्ड्रन पार्क’ भी बनाया जाएगा।
माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कागजी औपचारिकताओं को जल्द पूरा कर निर्माण कार्य शीघ्र आरंभ किया जाए। इस बैठक में मुख्य वास्तुविद श्री अनिल कुमार सहित सभा सचिवालय के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
