भागलपुर/बांका | 17 मार्च, 2026
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज भागलपुर और बांका में ‘समृद्धि यात्रा’ के दौरान विकास की नई गाथा लिखी। उन्होंने ऐतिहासिक विक्रमशिला विश्वविद्यालय के पुनरुद्धार से लेकर भागलपुर में मेट्रो और एयरपोर्ट निर्माण जैसी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का ऐलान किया।
विक्रमशिला का लौटेगा गौरव
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा की तर्ज पर अब विक्रमशिला विश्वविद्यालय की समृद्ध विरासत को पुनर्जीवित किया जा रहा है। इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
भागलपुर के शहरी विकास को लेकर सम्राट चौधरी ने अत्यंत महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
मेट्रो रेल: भागलपुर में मेट्रो चलाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
एयरपोर्ट: शहर में एक नहीं, बल्कि दो एयरपोर्ट के निर्माण पर काम हो रहा है, जिनमें से दूसरे का काम अगले 6 महीनों में शुरू हो जाएगा।
मरीन ड्राइव: पटना की तर्ज पर भागलपुर में भी मरीन ड्राइव का निर्माण किया जा रहा है।
कनेक्टिविटी: भागलपुर से मिर्चाचौकी, मुंगेर और बांका तक फोरलेन सड़कों के जाल बिछाने पर 36 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे है।
सम्राट चौधरी ने राज्य सरकार का विजन साझा करते हुए कहा कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार सृजन का लक्ष्य है। भागलपुर में 450 एकड़ जमीन पर उद्योग लगाए जा रहे हैं ताकि युवाओं को अपने ही जिले में काम मिल सके।
बांका के कटोरिया में जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने सरकार के कार्यों का विवरण दिया।
हनुमना डैम: एनडीए सरकार ने गंगा के पानी को हनुमना डैम तक पहुंचाकर किसानों की सिंचाई की समस्या का अंत किया है।
रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे: इस प्रोजेक्ट के पूरा होने से बांका से कोलकाता का सफर 12 घंटे से घटकर महज 5-6 घंटे रह जाएगा।
शिक्षा: बिहार के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने अंत में दोहराया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ‘न्याय’ और ‘प्रगति’ के बाद अब ‘समृद्धि’ की राह पर है, जहां विकास बिना किसी भेदभाव के हर तबके तक पहुंच रहा है।
