Wednesday, February 11, 2026
Homeबच्चों के लिए मोबाइल का उपयोग 'आत्मघाती', शिक्षक और अभिभावक बरतें विशेष...

बच्चों के लिए मोबाइल का उपयोग ‘आत्मघाती’, शिक्षक और अभिभावक बरतें विशेष सतर्कता: अरुण कुमार पांडेय

फतुहा (पटना): छोटे बच्चों में मोबाइल की बढ़ती लत आज के समय की सबसे गंभीर समस्या है। बच्चों के लिए मोबाइल का अनियंत्रित उपयोग आत्मघाती साबित हो रहा है। यह गंभीर चेतावनी बिहार के वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार पांडेय ने ग्लोरियस पब्लिक स्कूल, गोविंदपुर, फतुहा के वार्षिकोत्सव के दौरान दी।

वरिष्ठ पत्रकार की अहम नसीहत

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित श्री पांडेय ने अपने संबोधन में शिक्षकों और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा:

शिक्षकों की भूमिका: बच्चों को पढ़ाई के दौरान ही मोबाइल के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें और उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

अभिभावकों की जिम्मेदारी: घर पर बच्चों की डिजिटल गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें और सतर्कता बरतें।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बच्चों ने जीता दिल: रामदास एजुकेशन एंड वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित विद्यालय के प्रांगण में 11 फरवरी को आयोजित इस वार्षिक उत्सव में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

रंगारंग कार्यक्रम:

प्री-नर्सरी से कक्षा सात तक के छात्रों ने लोकगीत, देशभक्ति संगीत और नृत्य से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।सामाजिक संदेश: छात्रों द्वारा प्रस्तुत नाटकों ने सामाजिक कुरीतियों पर कड़ा प्रहार किया और उपस्थित लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया।

18 वर्षों का गौरवशाली सफर

विद्यालय के संचालक प्रमोद कुमार ने वर्ष 2008 से शुरू हुए विद्यालय के संघर्षपूर्ण और सफल सफर को साझा किया। उन्होंने बताया कि कैसे ग्लोरियस पब्लिक स्कूल पिछले 18 वर्षों से अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के जरिए क्षेत्र के बच्चों का भविष्य संवार रहा है।

समारोह में उपस्थित गणमान्य अतिथि: समारोह में प्रशासन, पत्रकारिता और समाजसेवा जगत के कई दिग्गजों ने शिरकत की। जिसमें माया यादव (CI, फतुहा), राजनीतिक क्षेत्र से श्याम सुंदर केसरी अध्यक्ष भाजपा, फतुहा प्रखंड, शिक्षा व समाजसेवा क्षेत्र से सुरेंद्र नारायण मिश्रा (अध्यक्ष, विश्वबंधु पुस्तकालय, फतुहा), सतीश कुमार (सचिव, विश्वबंधु पुस्तकालय एवं सेवानिवृत्त IG ऑफिस), मृत्युंजय कुमार यादव, जगत जी, अवधेश सर, दयानंद सर (पूर्व प्रधानाध्यापक), वरिष्ठ पत्रकार भूषण कुमार के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य के साथ अभिभावक एवं विद्यालय के छात्र छात्राएं उपस्थित थी।

ग्लोरियस पब्लिक स्कूल ग्रामीण परिवेश में शिक्षा की जो अलख जगा रहा है, वह सराहनीय है। यहाँ की प्रतिभा यह साबित करती है कि छोटे शहरों के बच्चे भी किसी से कम नहीं हैं।यह विचार अतिथि के रूप में उपस्थित फतुहा सर्किल इंस्पेक्टर माया यादव ने व्यक्त किया।

कार्यक्रम के समापन पर मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे