सरकार की अधिसूचना के आलोक में अनिमेष कुमार पराशर ने शनिवार को पटना प्रमंडल के नवपदस्थापित आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने पूर्ववर्ती आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह से कार्यभार संभाला।
पदभार ग्रहण करने के बाद श्री पराशर ने कहा कि आसन्न बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः पालन और विधि-व्यवस्था संधारण पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
आयुक्त ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और संवेदनशीलता को और सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही, जनहित के मामलों और सरकार की योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रमंडल के सभी छह जिलों — पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर — की नियमित समीक्षा की जाएगी। इसके लिए जिला पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित होंगी।
आयुक्त ने यह भी कहा कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लक्षित वर्ग तक सुनिश्चित रूप से पहुँचे, इसके लिए सभी अधिकारियों को तत्पर और प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया गया है।
