पटना, 14 सितंबर 2025।
गंगा मां की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से रविवार को पटना के बांकिपुर घाट पर “मिशन फॉर क्लीन गंगा पटना” अभियान के तहत विशेष सफाई कार्यक्रम चलाया गया। नमामि गंगे और बुडको की इस संयुक्त पहल में घाट से करीब 356 किलो कचरा एकत्र किया गया, जिसमें बड़ी मात्रा में पॉलिथीन और अन्य प्लास्टिक सामग्री शामिल थी।
नगर आयुक्त एवं बुडको एमडी श्री अनिमेष कुमार पराशर के निर्देश पर यह मुहिम आगामी एक महीने तक शहर के विभिन्न घाटों पर चलाई जाएगी। यह अभियान दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व तक निरंतर जारी रहेगा, जिसमें गंगा घाटों पर सफाई और जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
प्लास्टिक को अलग कर भेजा गया रीसाइक्लिंग सेंटर
नगर निगम को सूचना मिली थी कि बांकिपुर घाट पर बड़ी मात्रा में कचरा फेंका गया है। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बीइंग हेल्पर फाउंडेशन की टीम ने सुबह विशेष सफाई अभियान चलाया। एकत्रित कचरे में मौजूद प्लास्टिक सामग्री को अलग कर पटना नगर निगम की मदद से MRF सेंटर भेजा गया, ताकि उसका पुनर्चक्रण हो सके।
श्रद्धालुओं से अपील: वैकल्पिक चीजों का करें इस्तेमाल
सफाई के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की गई कि पूजा एवं विसर्जन के समय प्लास्टिक का उपयोग न करें। टीम ने कहा कि अक्सर मूर्ति विसर्जन और पूजन सामग्री प्लास्टिक बैग या सिंगल-यूज़ प्लास्टिक में गंगा में डाल दी जाती है, जिससे गंगा प्रदूषित होती है। इसके स्थान पर कपड़े के थैले, पत्तों के डोंगे, मिट्टी के दीये जैसे पर्यावरण-हितैषी विकल्प अपनाने की सलाह दी गई।
अभियान का मुख्य संदेश
गंगा में प्लास्टिक सामग्री का विसर्जन न करें
पूजा-पर्व पर सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग न करें
पर्यावरण-हितैषी विकल्प अपनाकर गंगा की पवित्रता बनाए रखें
आगे भी जारी रहेगा “नो प्लास्टिक फैंटास्टिक”
नगर निगम और नमामि गंगे (बुडको) की ओर से आम जनों से अपील की गई कि इस पर्व-त्योहार के मौसम में सभी लोग संकल्प लें कि गंगा को प्लास्टिक प्रदूषण से बचाएंगे और स्वच्छता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।