पटना, 1 सितंबर 2025:
समाहरणालय, पटना में जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के नेतृत्व में निर्वाचक सूची के विशेष गहन पुन:निरीक्षण अभियान, 2025 की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के नेता, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने बताया कि 1 अगस्त 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें जिले के 14 विधान सभा क्षेत्रों के कुल 46,51,694 निर्वाचक शामिल हैं। विशेष गहन पुन:निरीक्षण अभियान के तहत दावा एवं आपत्ति दाखिल करने की अंतिम तिथि आज 1 सितंबर 2025 है। इस दौरान कुल 73,509 फॉर्म-6 (नाम जोड़ने हेतु), 13,544 फॉर्म-7 (आपत्ति दर्ज करने हेतु) और 35,142 फॉर्म-8 (संशोधन/स्थानांतरण हेतु) प्राप्त हुए हैं।

जिलाधिकारी ने सभी ईआरओ और बीएलओ को मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए और कहा, “कोई मतदाता छूटे नहीं और कोई अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हो। यह अभियान लोकतंत्र के इस उत्सव को सुरक्षित और त्रुटिरहित बनाने के लिए है।”
उन्होंने यह भी कहा कि सतत अद्यतन के तहत बिहार विधानसभा आम निर्वाचन के लिए नामांकन की अंतिम तिथि तक दावा एवं आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। ऑनलाईन (voters.eci.gov.in और वोटर हेल्पलाइन ऐप) और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से इसे पूरा किया जा सकता है।

बैठक में सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अभियान की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की और जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और बीएलओ-बीएलए की समन्वय गतिविधियों की जानकारी साझा की और नागरिकों से अपील की कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में अवश्य मतदान करें।
जिलाधिकारी ने कहा, “त्रुटिरहित मतदाता सूची पूरे निर्वाचन प्रक्रिया का आधार है। हम लोकतंत्र के इस उत्सव को एक सुखद अनुभव बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
