Monday, February 23, 2026
Homeमतदाता सूची पुनरीक्षण 2025: कोई मतदाता न छूटे — पटना में विशेष...

मतदाता सूची पुनरीक्षण 2025: कोई मतदाता न छूटे — पटना में विशेष कैम्प की शुरुआत, 1 अगस्त से 1 सितंबर तक चलेगा दावा-आपत्ति का दौर

विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2025 की शुरुआत पटना जिले में मिशन मोड में हो चुकी है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने शनिवार को अभियान की प्रगति की समीक्षा की और सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (EROs) को विशेष कैम्पों का सफल संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

1 अगस्त से शुरू हुए ये विशेष कैम्प 1 सितंबर तक रोजाना सोमवार से रविवार तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे, जिसमें आम नागरिक अपने नाम जुड़वाने, संशोधित करवाने या हटवाने संबंधी आवेदन कर सकते हैं। ये कैम्प सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों एवं शहरी निकाय कार्यालयों (AEROs) में चलेंगे।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि 01 जुलाई 2025 को अर्हता प्राप्त नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिए प्रारूप-6, घोषणा पत्र (Annexure-D) और आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे। वहीं, नाम में संशोधन या स्थानांतरण हेतु प्रारूप-8 के साथ दस्तावेज और बिहार के बाहर से आवेदन करने वालों को Annexure-D देना अनिवार्य होगा। प्रारूप सूची में दर्ज मतदाता के विरुद्ध आपत्ति के लिए प्रारूप-7 का उपयोग किया जा सकता है।

प्रमुख बिंदु:

मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन: 1 अगस्त 2025

दावा और आपत्ति की अवधि: 1 अगस्त से 1 सितंबर 2025

अंतिम प्रकाशन की तिथि: 30 सितंबर 2025

विशेष कैम्प का समय: हर दिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक

विशेष ध्यान: दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों से बीएलओ घर-घर जाकर आवेदन लेंगे

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक दिन की समाप्ति के बाद संबंधित AERO को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी प्राप्त आवेदन पत्र विधानसभा एवं मतदान केंद्रवार क्रमबद्ध कर संबंधित अधिकारियों को सौंपे जाएं। सभी आवेदकों को उनकी आवेदन की पावती दी जाएगी।

डिजिटल व्यवस्था: विशेष कैम्प में प्रस्तुत सभी दस्तावेजों की कंप्यूटर जनित दैनिक रिपोर्ट तैयार की जाएगी और ऑनलाइन आवेदन में सहयोग दिया जाएगा।

3 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष उपस्थिति:
रविवार, 3 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहेंगे ताकि हर मतदाता को फॉर्म भरने में सहायता मिल सके। आगामी प्रत्येक शनिवार और रविवार को भी बीएलओ अपने बूथ पर उपस्थित रहेंगे।

राजनीतिक समन्वय और साप्ताहिक बैठकें अनिवार्य:
जिलाधिकारी ने सभी EROs को निर्देशित किया है कि वे राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से साप्ताहिक बैठक करें और प्राप्त दावों-आपत्तियों की सूची उन्हें नियमित रूप से साझा करें। साथ ही बीएलओ और बीएलए (Booth Level Agent) के बीच सुदृढ़ समन्वय बनाए रखें।

जिलाधिकारी की अपील:
“कोई मतदाता न छूटे” इस संकल्प के साथ जिलाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से समय रहते विशेष कैम्प में पहुंचकर अपने मतदाता अधिकार सुनिश्चित करने की अपील की है।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे