Thursday, March 5, 2026
Homeबिहारपटना में गंगा किनारे आकार लेगा 'ताज': बांकीपुर बस स्टैंड की जमीन...

पटना में गंगा किनारे आकार लेगा ‘ताज’: बांकीपुर बस स्टैंड की जमीन पर बनेगा 500 कमरों वाला आलीशान होटल

पटना | 05 मार्च 2026
​बिहार की राजधानी पटना में पर्यटन और आतिथ्य सत्कार (Hospitality) के क्षेत्र में आज एक नए युग की शुरुआत हुई है। ऐतिहासिक बांकीपुर बस स्टैंड की भूमि पर अब देश का प्रतिष्ठित ‘ताज होटल’ अपनी चमक बिखेरेगा।

गुरुवार को माननीय पर्यटन मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद की उपस्थिति में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDCL) और सारगा होटल प्राइवेट लिमिटेड के बीच इस 5-सितारा लग्जरी होटल के निर्माण और संचालन के लिए समझौता पत्र (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

​PPP मॉडल पर होगा निर्माण, 2030 तक शुरू होगा संचालन
​यह परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जा रही है। समझौते की मुख्य बातें निम्नलिखित हैं:

​होटल समूह: इसका निर्माण और संचालन विश्व प्रसिद्ध द इंडियन होटल समूह (IHCL) द्वारा किया जाएगा।
​कुल क्षमता: होटल में कुल 500 कमरे होंगे।

​दो चरणों में विकास: पहले चरण में 350 कमरे और दूसरे चरण में 150 कमरे बनाए जाएंगे।

​समय सीमा: प्रथम चरण का निर्माण 4 वर्षों में पूरा कर जनवरी 2030 तक होटल का संचालन शुरू करने का लक्ष्य है।

​राजस्व: चयनित एजेंसी सारगा होटल प्रा. लि. द्वारा राज्य सरकार को वार्षिक लाइसेंस प्रीमियम के रूप में 18.60 करोड़ रुपये (प्लस GST) का भुगतान किया जाएगा।

​राजधानी में होंगे तीन फाइव स्टार होटल
​इस अवसर पर पर्यटन मंत्री श्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि पटना को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया:
​”पटना में पर्यटकों और व्यवसायियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए तीन फाइव स्टार होटलों की योजना है।

एक का निर्माण जारी है, दूसरे (ताज) के लिए आज समझौता हुआ है और तीसरे के लिए प्रक्रिया चल रही है। हमारा लक्ष्य है कि सीतामढ़ी, राजगीर और बोधगया आने वाले पर्यटकों को पटना में विश्वस्तरीय प्रवास मिले।”

​लोकेशन की खासियत: गंगा और गांधी मैदान का दिखेगा नजारा
​BSTDCL के प्रबंध निदेशक श्री नंदकिशोर ने बताया कि बांकीपुर बस स्टैंड की यह भूमि सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है।

एक तरफ गंगा नदी की अविरल धारा और दूसरी तरफ गांधी मैदान का विस्तार इस होटल की खूबसूरती में चार चांद लगाएगा। साथ ही, सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर के नजदीक होने के कारण यहां बड़े कॉर्पोरेट इवेंट्स और सम्मेलनों के लिए यह पहली पसंद बनेगा।

​देश के बेहतरीन होटलों में से एक होगा ‘पटना ताज’
​द ताज होटल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट श्री के. मोहनचंद्रन ने भरोसा दिलाया कि पटना में विकसित किया जा रहा यह संस्करण भारत के सबसे बेहतरीन ताज होटलों में से एक होगा। वहीं, सारगा होटल के निदेशक श्री नित्यानन्द सोनथालिया ने निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने की प्रतिबद्धता जताई।

​इस ऐतिहासिक मौके पर पर्यटन निदेशालय के संयुक्त निदेशक श्री राजेश रौशन, BSTDCL के महाप्रबंधक श्री चंदन चौहान सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे