पटना। पटना नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सड़क पुनर्स्थापना कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर अब और कड़ी निगरानी रखी जाएगी। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में विशेष धावा दल गठित करने का निर्णय लिया गया। यह दल स्पेशल पैकेज योजना के तहत सभी वार्डों में हो रहे रोड रिस्टोरेशन कार्यों की जांच करेगा।
धावा दल प्रतिदिन दो वार्डों का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करेगा कि सड़क निर्माण कार्य प्राक्कलन और निर्धारित मानकों के अनुरूप हो। योजना की लंबाई, चौड़ाई और मोटाई की जांच के साथ-साथ कार्यों के दोहरीकरण को रोकने पर विशेष जोर दिया जाएगा। प्रत्येक निरीक्षण की दैनिक रिपोर्ट संबंधित नोडल पदाधिकारी को सौंपी जाएगी और स्थल की जियो-टैग्ड फोटोग्राफी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि धावा दल की रिपोर्ट में गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित संविदाकारों को डीबार और ब्लैकलिस्ट किया जाएगा। साथ ही, दोषी अभियंताओं के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में नगर आयुक्त ने अधिकारियों को त्योहारी सीजन में यातायात की सुगमता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस बैठक में पटना नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी, बुडको के परियोजना निदेशक, उप परियोजना निदेशक और निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
