Thursday, April 2, 2026
HomeTop Storiesघर-घर पहुँचेगी पीएनजी, डीएम डॉ. त्यागराजन ने 'गेल' और अधिकारियों को दिए...

घर-घर पहुँचेगी पीएनजी, डीएम डॉ. त्यागराजन ने ‘गेल’ और अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश​

राजधानी पटना के घरों में अब रसोई गैस का सिलेंडर खत्म होने का झंझट बीते दिनों की बात होने वाली है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने आज समाहरणालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइपलाइन विस्तार और कनेक्शन देने की प्रक्रिया को ‘मिशन मोड’ में चलाने का निर्देश दिया है।


​जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ‘गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड’ (GAIL) को पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने में जिला प्रशासन हर संभव प्रशासनिक मदद मुहैया करा रहा है। काम में तेजी लाने के लिए उन्होंने निम्नलिखित कड़े निर्देश दिए:

गेल के अधिकारियों को अपने कॉन्ट्रैक्टर्स और कार्य कर रही टीमों (Workforce) की संख्या तत्काल बढ़ाने को कहा गया है।

पीएचईडी, ग्रामीण कार्य विभाग और आईटीआई जैसे संस्थानों के माध्यम से कुशल प्लम्बर्स की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इन प्लम्बर्स को प्रशिक्षित कर पाइपलाइन बिछाने के कार्य में लगाया जाएगा।

​सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDOs) को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्य की प्रगति की नियमित निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पटनावासियों से एलपीजी (LPG) सिलेंडर के बजाय पीएनजी (PNG) की ओर शिफ्ट होने की अपील की। उन्होंने इसके कई फायदे गिनाए:

यह सीधे पाइपलाइन के जरिए घर पहुँचती है, सिलेंडर बुक करने या बदलने का झंझट नहीं।

यह ईंधन का एक स्वच्छ और सुरक्षित स्रोत है।

उपभोक्ता घर बैठे डिजिटल या ऑनलाइन माध्यम से पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर सकते हैं।

​बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी (आपूर्ति), गेल के महाप्रबंधक, पथ निर्माण विभाग, पीएचईडी, जल संसाधन विभाग के अभियंता, श्रम अधीक्षक और सभी आईटीआई के प्राचार्य शामिल हुए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि खुदाई के बाद सड़कों की मरम्मत और पाइपलाइन बिछाने के काम में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।

“पीएनजी न केवल सुरक्षित है बल्कि यह आधुनिक पटना की पहचान है। हम इसे हर घर तक सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
— डॉ. त्यागराजन एस.एम., जिलाधिकारी, पटना

यह भी पढ़े

अन्य खबरे