पटना, 22 फरवरी 2026।राज्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्रेशन (FR) सत्यापन अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। दोपहर 2 बजे तक जारी राज्य स्तरीय रिपोर्ट के अनुसार 85,53,570 पंजीकृत किसानों में से 46,27,777 किसानों का एफआर सत्यापन पूरा हो चुका है। यह कुल का 54.1 प्रतिशत है, जिसे विभाग ने उत्साहजनक प्रगति बताया है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री सह उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह उपलब्धि किसानों के हित में सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों को बधाई देते हुए पीछे चल रहे जिलों में विशेष अभियान चलाकर प्रगति तेज करने के निर्देश दिए हैं। उनका स्पष्ट लक्ष्य है कि हर पात्र किसान को पीएम किसान का लाभ मिले और राज्य के सभी किसानों तक सरकारी सुविधाएं सहज रूप से पहुंचें।
रविवार को भी जारी रहा अभियान: रिपोर्ट के अनुसार रविवार होने के बावजूद 8,320 किसानों का ई-केवाईसी किया गया, जबकि 12,516 नए एफआर जोड़े गए। वहीं पीएम किसान योजना के तहत अब तक 23,27,928 किसानों का एफआर सत्यापन पूरा किया जा चुका है, जो कुल का 27.22 प्रतिशत है।
अव्वल जिले: वैशाली टॉप परजिलावार प्रदर्शन में वैशाली 107 प्रतिशत एफआर के साथ पहले स्थान पर है। इसके अलावा शिवहर (98%), बेगूसराय (96%), कटिहार (86%), बक्सर (87%) और किशनगंज (79%) ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इन जिलों में कैंप आधारित ई-केवाईसी और प्रशासनिक सक्रियता का सकारात्मक असर दिखा है।
मध्यम प्रगति वाले जिले: पूर्णिया (63%), गया (54%), मुजफ्फरपुर (64%) और दरभंगा (65%) में भी संतोषजनक प्रगति दर्ज की गई है। विभाग ने इन जिलों को लक्ष्य प्राप्ति के लिए और गति बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।—पिछड़ते जिलों पर विशेष नजररिपोर्ट के अनुसार सारण (22%), जमुई (21%), सिवान (27%) और पूर्वी चंपारण (32%) में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है। इन जिलों में विशेष अभियान चलाकर सत्यापन प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार द्वारा प्रतिदिन समीक्षा कर अधिकारियों को ई-केवाईसी एवं एफआर सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि पात्र किसानों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। सरकार का लक्ष्य समृद्ध किसान, उन्नत बिहार।
