Saturday, February 28, 2026
HomeTop Storiesभूकंप की आहट पर पटना अलर्ट: सात जगहों पर हुई मेगा मॉक...

भूकंप की आहट पर पटना अलर्ट: सात जगहों पर हुई मेगा मॉक ड्रिल, सेना से लेकर SDRF तक ने परखा अपना दम

पटना: राजधानी पटना में आज भूकंप जैसी भीषण आपदा से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए एक बड़ा अभ्यास किया गया। जिला प्रशासन, पटना द्वारा आयोजित इस ‘मॉक एक्सरसाइज’ में सात अलग-अलग स्थानों पर कृत्रिम आपदा की स्थिति पैदा की गई, जहाँ एनडीआरएफ (NDRF), भारतीय सेना और पुलिस सहित सभी प्रमुख विभागों ने मिलकर राहत और बचाव कार्य का सफल प्रदर्शन किया।

​यह अभ्यास राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA), बिहार राज्य आपदा प्राधिकरण और आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित किया गया।

इन 7 सिमुलेशन स्थलों पर दिखा ‘रेस्क्यू ऑपरेशन’ का जज्बा

आज सुबह से ही शहर के सात चिन्हित स्थानों पर हलचल तेज रही। प्रशासन ने इन जगहों पर वास्तविक भूकंप जैसा परिदृश्य तैयार किया था, जिसमें इमारतों का गिरना, आग लगना और मलबे में लोगों का फंसना जैसे दृश्य शामिल थे:

पटना समाहरणालय
​जेडी वीमेंस कॉलेज एवं छात्रावास
​बिस्कोमान भवन
​सिटी सेंटर मॉल
​जेपी सेतु
​गांधी मैदान
​आईजीआईएमएस (IGIMS)

समन्वय की हुई परीक्षा: सेना और आपदा मित्रों ने मिलाया हाथ

​इस मॉक ड्रिल की खास बात यह रही कि इसमें भारतीय सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आरएएफ (RAF), सिविल डिफेंस, एनसीसी और आपदा मित्रों के साथ-साथ स्वास्थ्य, नगर निगम, पीएचईडी, विद्युत, अग्निशमन और बीएसएनएल जैसे विभागों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। जिलाधिकारी ने बताया कि कल पटना समाहरणालय में ‘टेबल टॉप एक्सरसाइज’ के जरिए रणनीति बनाई गई थी, जिसे आज धरातल पर उतारा गया।

डीएम की अपील: “पटना सिस्मिक जोन-IV में है, सजगता ही बचाव है”

जिलाधिकारी, पटना त्यागराजन एस एम ने इस सफल आयोजन पर सभी हितधारकों को बधाई देते हुए कहा:
​”पटना भूकंप के दृष्टिकोण से बेहद संवेदनशील सिस्मिक जोन-IV में आता है। हमारा मुख्य उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभागों के बीच त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर तालमेल को सुनिश्चित करना है। जिला प्रशासन किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार है, बस नागरिकों को जागरूक और सजग रहने की जरूरत है।”

आपातकालीन स्थिति में यहाँ करें संपर्क

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी आपदा की स्थिति में घबराएँ नहीं और निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन करें। किसी भी आपात सहायता के लिए इन नंबरों को सुरक्षित रखें:


​जिला आपातकालीन संचालन केंद्र: 0612-2210118
​जिला नियंत्रण कक्ष (24/7): 0612-2219810 / 2219234
​आपातकालीन हेल्पलाइन: 112 (डायल 112)
​राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र: 1070

यह भी पढ़े

अन्य खबरे