Saturday, March 21, 2026
Homeबिहारईद के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खानकाहों में टेका मत्था,...

ईद के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खानकाहों में टेका मत्था, राज्य की सुख-शांति और समृद्धि की मांगी दुआ

पटना | 21 मार्च 2026 मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने शनिवार को ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर राजधानी पटना के विभिन्न सूफी केंद्रों और खानकाहों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के मुस्लिम समुदाय को ईद की मुबारकबाद दी और बिहार की प्रगति, आपसी भाईचारे तथा सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री सबसे पहले फुलवारीशरीफ स्थित प्रसिद्ध खानकाह-मुजीबिया पहुंचे। वहां उन्होंने खानकाह के सज्जादा नशीं हजरत सैयद शाह आयतुल्ला कादरी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें ईद की बधाई दी और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर खानकाह परिसर में मौजूद अकीदतमंदों के बीच भारी उत्साह देखा गया।

​इसके बाद मुख्यमंत्री पटना सिटी स्थित खानकाह-ए-मुनएमिया (मित्तन घाट) पहुंचे। यहां उन्होंने सज्जादा नशीं हजरत सैयद शाह शमीमुद्दीन अहमद मुनअमी के साथ मिलकर देश और प्रदेश की शांति के लिए दुआ मांगी। मुख्यमंत्री का अगला पड़ाव मित्तन घाट स्थित खानकाह बारगाहे इश्क (तकिया शरीफ) रहा, जहां उन्होंने सज्जादा नशीं सैयद शाह ख्वाजा आमिर शाहिद और अन्य गणमान्य लोगों से मुलाकात कर उन्हें ईद की शुभकामनाएं दीं।

​मुख्यमंत्री के इस भ्रमण के दौरान उनके साथ ग्रामीण कार्य मंत्री श्री अशोक चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद श्री संजय कुमार झा, विधायक श्री श्याम रजक और विधान पार्षद श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. और वरीय पुलिस अधीक्षक श्री कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा और व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे।

​मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि ईद का त्योहार प्रेम, शांति और सद्भाव का संदेश देता है, जो बिहार की साझी संस्कृति को और मजबूत करता है।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे