पटना: जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम. के कड़े निर्देशों के बाद पटना सिटी के मालसलामी क्षेत्र में अवैध गैस भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस संयुक्त छापेमारी ने अवैध कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा दिया है।
मालसलामी थाना पुलिस, अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा पूर्वी नंदगोला स्थित एक बिल्डिंग में संयुक्त रूप से दबिश दी गई। प्रशासन को सूचना मिली थी कि इस रिहायशी इलाके में नियमों को ताक पर रखकर गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है।
तलाशी के दौरान मौके से कुल 32 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। जांच में पाया गया कि इनमें 10 भरे हुए वाणिज्यिक (Commercial) सिलेंडर शामिल थे, जिन्हें अवैध रूप से संग्रहित किया गया था। छापेमारी की भनक लगते ही मकान मालिक मौके से फरार होने में सफल रहा।
जिलाधिकारी के आदेशानुसार, इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और जब्त सिलेंडरों को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।
एलपीजी गैस से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध भंडारण की सूचना आप 24×7 हेल्पलाइन नंबर: 0612-2219810 पर दे सकते हैं।
