Monday, February 23, 2026
HomeTop Storiesपटना में सोमवार से शुरू होगी जिला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता

पटना में सोमवार से शुरू होगी जिला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता

पटना, 10 अगस्त — पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में सोमवार से पटना जिला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ होगा। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त पटना, समीर सौरभ (भा.प्र.से) द्वारा किया जाएगा।

जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश ने जानकारी दी कि 11 और 12 अगस्त को अंडर-16 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका, जबकि 13 और 14 अगस्त को अंडर-14 आयु वर्ग के खिलाड़ियों के बीच विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिता संचालन के लिए 54 तकनीकी पदाधिकारियों की सेवाएं ली जा रही हैं।

इसमें प्रत्येक प्रखंड से चयनित 77 खिलाड़ी (बालक एवं बालिका) और 8 दल प्रभारी हिस्सा लेंगे। एथलेटिक्स (60 मीटर, 100 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर दौड़, लंबी कूद, क्रिकेट बॉल थ्रो), साइक्लिंग, कबड्डी, फुटबॉल और वॉलीबॉल जैसे खेलों में मुकाबले होंगे।

आवास और भोजन की व्यवस्था पाटलिपुत्र खेल परिसर में की गई है। टीम मुकाबलों में विजेता और उपविजेता टीमों को, तथा व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाणपत्र और नगद पुरस्कार दिए जाएंगे।

आयोजन स्थल पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। सिविल सर्जन ने महिला और पुरुष चिकित्सकों के साथ एम्बुलेंस की प्रतिनियुक्ति की है, वहीं नजदीकी अस्पतालों में आपात स्थिति के लिए 5 बेड सुरक्षित रखे गए हैं।

पटना नगर निगम ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई, चलंत शौचालय और शुद्ध पेयजल के लिए वाटर एटीएम लगाने के निर्देश दिए हैं।

यह प्रतियोगिता जिले के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच प्रदान करेगी।

 

यह भी पढ़े

अन्य खबरे