पटना | 06 मार्च, 2026
बिहार में नमामि गंगे परियोजना के तहत चल रहे कार्यों में तेजी लाने और उन्हें मानसून की शुरुआत से पहले पूरा करने के लिए बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम (BUIDCO) ने ‘मिशन प्रोजेक्ट कंप्लीशन’ की शुरुआत की है। इस विशेष अभियान के तहत बुडको की उच्च स्तरीय जांच टीमें इस शनिवार और रविवार को राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात रहेंगी।
बुडको के प्रबंध निदेशक श्री अनिमेष कुमार पराशर के निर्देशानुसार, अब अधिकारी सप्ताह के सातों दिन ‘अलर्ट मोड’ में काम करेंगे। योजना के मुताबिक, अधिकारी 5 दिन कार्यालय का कार्य निष्पादित करेंगे, जबकि हफ्ते के 2 दिन अनिवार्य रूप से फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की निगरानी करेंगे।
इस हफ्ते इन जिलों में होगा सघन निरीक्षण
शनिवार (7 मार्च 2026) को मुख्यालय से गठित 6 टीमें एक साथ अलग-अलग जिलों में मोर्चा संभालेंगी:
- डेहरी: श्री सुदर्शन प्रसाद (महाप्रबंधक) एवं श्री विकास कुमार गुप्ता।
- जमुई: श्री सरेंद्र कुमार मेहता (महाप्रबंधक) एवं सुश्री चित्रा पराशर।
- सुपौल: श्री अशोक कुमार (महाप्रबंधक) एवं सुश्री प्रिया सिंह।
- कहलगाँव: श्री अशोक कुमार (परियोजना निदेशक) एवं श्री कुमार अर्पित।
- मोतिहारी एवं रक्सौल: श्री निशांत कुमार (परियोजना निदेशक), सुश्री अनामिका एवं प्रफुल कुमार।
निरीक्षण के दौरान इन 5 बिंदुओं पर रहेगी नजर
जांच टीमें न केवल निर्माण की प्रगति देखेंगी, बल्कि निम्नलिखित मानकों की भी कड़ाई से जांच करेंगी:
- सुरक्षा व्यवस्था: कार्यस्थल पर बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन।
- गुणवत्ता: निर्माण सामग्री और काम की क्वालिटी की गहन जांच।
- डिजिटल साक्ष्य: जियो-टैग्ड फोटो और नक्शे के अनुसार काम का मिलान।
- कनेक्टिविटी: नालों के सही कनेक्शन और तकनीकी कमियों की पहचान।
- ऑन-स्पॉट समाधान: निर्माण में आ रही बाधाओं का मौके पर ही निपटारा और समय सीमा का निर्धारण।
