पटना: छठ महापर्व की तैयारियों का नगर आयुक्त ने किया व्यापक निरीक्षण
सभी घाटों पर पटना नगर निगम द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी
ट्रैश स्किमर से गंगा में तैरते कचरे की लगातार हो रही सफाई
12 नवंबर 2026 | पटना
छठ महापर्व को लेकर पटना नगर निगम द्वारा गंगा घाटों एवं तालाबों पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने गंगा घाटों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन घाटों पर कार्य की असंतोषजनक प्रगति पाए जाने पर संबंधित सहायक अभियंता को शो-कॉज नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान पाटलिपुत्र अंचल तीन घाटों के पहुंच पथ में दलदल की स्थिति पाई गई। वहीं, पार्किंग व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पहुंच पथ के समतलीकरण एवं सैंड बैग लगाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नाइट ग्लो साइनेज लगाने के निर्देश
नगर आयुक्त ने प्रमुख घाटों पर फ्लोरोसेंट एवं नाइट ग्लो साइनेज लगाने तथा सभी घाटों पर आवश्यक दिशा-सूचक बोर्ड एवं अन्य साइनेज का कार्य रातोंरात पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ट्रैश स्किमर से गंगा की निरंतर सफाई
पटना नगर निगम द्वारा ट्रैश स्किमर के माध्यम से नदी में तैरते कचरे (फ्लोटिंग वेस्ट) को लगातार हटाया जा रहा है। कार्तिक मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए घाटों पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान पूजन सामग्री के विसर्जन से नदी में तैरते कचरे की मात्रा भी बढ़ रही है। इसे देखते हुए मशीनों के साथ-साथ निगम के सफाईकर्मियों एवं अतिरिक्त मानवबल की मदद से भी घाटों और आसपास के क्षेत्रों की लगातार सफाई कराई जा रही है।
दीपावली के बाद पटना की हवा हुई ‘जहरीली’, AQI 300 के पार जहरीली’ श्रेणी में दर्ज
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सभी खतरनाक स्थलों पर लाल कपड़े से बैरिकेडिंग करने तथा चेंजिंग रूम सहित श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं को रातभर में पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ महापर्व से पूर्व सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी हों, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित घाट उपलब्ध कराए जा सकें।
