एटक के राष्ट्रीय महाधिवेशन के लिए प्रतिनिधियों के चयन की प्रक्रिया शुरू; बिहार आंगनबाड़ी यूनियन ने जारी किए निर्देश
पटना: बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन (एटक से संबद्ध) के महासचिव कुमार विन्देश्वर सिंह ने एक आवश्यक सूचना पत्र जारी करते हुए बताया है कि भारत के पहले ट्रेड यूनियन संगठन ‘एटक’ (AITUC – जिसकी स्थापना 1920 में हुई थी) का राष्ट्रीय महाधिवेशन आगामी २१ से २६ नवंबर २०२६ को बैंगलोर में आयोजित होने जा रहा है। इस महाधिवेशन में एटक से संबद्ध सभी यूनियनों के प्रतिनिधियों को संबद्धता शुल्क के आधार पर भाग लेना है।
प्रतिनिधियों के चयन के लिए मुख्य नियम और शर्तें:
संबद्धता शुल्क की अनिवार्यता: बैंगलोर महाधिवेशन में भाग लेने के लिए आंगनबाड़ी संगठन का २०२३, २०२४ और २०२५ इन तीन वर्षों का संबद्धता शुल्क जमा होना अनिवार्य है। इसी शुल्क के आधार पर प्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा।
अंतिम तिथि: एटक के राष्ट्रीय महाधिवेशन के लिए संबद्धता शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि १५ अक्टूबर २०२६ निर्धारित की गई है।
चयन का आधार: बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन से संबद्ध जिन भी राज्य या जिला के नेतृत्वकर्ताओं ने सबसे अधिक सदस्यता शुल्क जमा किया है, वे ही बैंगलोर महाधिवेशन में भाग लेने के हकदार होंगे।
आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन (AITUC) की राज्य कमेटी की पहली बैठक 11 अक्टूबर को पटना में
नेतृत्वकर्ताओं को निर्देश: वर्तमान में एटक में संबद्धता शुल्क अपर्याप्त होने के कारण प्रतिनिधियों का चयन करने में कठिनाई आ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए, सभी राज्य एवं जिला नेतृत्व के साथियों से अपील की जाती है कि वे तुरंत राज्य केंद्र से संपर्क कर सदस्यता शुल्क जमा करवाएं। साथ ही, एटक महाधिवेशन, बैंगलोर के लिए यात्रा टिकट और प्रतिनिधि शुल्क का भी उचित प्रबंध करने का कार्य जल्द पूरा करें।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी एटक के महाधिवेशनों में इस यूनियन से दस-दस प्रतिनिधि सफलतापूर्वक भाग ले चुके हैं। अतः सभी संबंधित साथियों से अनुरोध है कि वे इस पर विशेष ध्यान देते हुए समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
