पटना: श्रावण के पावन महीने के रविवार को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार ने पटना जिले के प्रसिद्ध बैकुंठपुर गांव स्थित ‘बाबा गौरी शंकर बैकुंठधाम मंदिर’ में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
सुबह-सुबह मंदिर प्रांगण पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत बिहार न्यास बोर्ड द्वारा गठित ‘बाबा बैकुंठ नाथ मंदिर प्रबंधन समिति’ के सचिव राजाराम सिंह ने किया। इसके बाद उन्हें मंदिर के गर्भगृह ले जाया गया, जहाँ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना करवाई गई। पूर्व मुख्यमंत्री पूरे भक्ति भाव में लीन नजर आए।

इस दौरान उनके साथ जदयू नेता एवं बिहार विधान परिषद के सत्ताधारी दल के मुख्य सचेतक संजय गांधी और बिहार विधान परिषद के उप नेता ललन श्राफ भी मौजूद रहे,
बाबा बैकुंठ नाथ मंदिर से नीतीश कुमार का गहरा लगाव
मंदिर प्रबंधन समिति के सचिव राजाराम सिंह ने बताया कि नीतीश कुमार की बाबा बैकुंठ धाम मंदिर में अटूट श्रद्धा है। अपने मुख्यमंत्रित्व काल के दौरान भी वे अनेकों बार यहाँ दर्शन-पूजन के लिए आते रहे हैं। इतना ही नहीं, मंदिर परिसर के विकास और सौंदर्यीकरण में भी उनका निरंतर सहयोग और योगदान रहा है।

नीतीश कुमार को देखने उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
श्रावण मास होने के कारण मंदिर में यूँ तो पूरा महीना ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। अपने लोकप्रिय नेता की एक झलक पाने और उनसे मिलने के लिए मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
