Tuesday, March 31, 2026
Homeमुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले 2024 बैच के 12 प्रशिक्षु IAS अधिकारी;...

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिले 2024 बैच के 12 प्रशिक्षु IAS अधिकारी; सेवा और ईमानदारी का दिया मंत्र

पटना | 31 मार्च 2026
​मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प सभागार’ में बिहार कैडर के 2024 बैच के 12 प्रशिक्षु आई०ए०एस० (IAS) अधिकारियों से मुलाकात की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान युवा अधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान जिलों में मिले अपने अनुभवों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।

​इन 12 प्रशिक्षु अधिकारियों में 3 महिलाएं और 9 पुरुष शामिल हैं। भाषाई और क्षेत्रीय विविधता को दर्शाते हुए इनमें से 4 अधिकारी बिहार के, 3 राजस्थान, 2 दिल्ली और 1-1 अधिकारी हरियाणा, तमिलनाडु एवं झारखंड के रहने वाले हैं। मुलाकात करने वालों में श्री विरूपाक्ष विक्रम सिंह, सुश्री प्रिया रानी, सुश्री कृष्णा जोशी, श्री प्रेम कुमार, श्री सैयद आदिल मोहसिन, श्री अजय यादव, श्री सुरज कुमार, श्री विग्नेश टी०ए०, श्री जतिन कुमार, श्री के० परीक्षित, श्री महेश कुमार एवं श्रीमती कशिश बख्शी शामिल रहे।

​नीति क्रियान्वयन में अधिकारियों की भूमिका अहम: मुख्यमंत्री
​प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीतियों को जमीन पर उतारने में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें चार मूल मंत्र दिए:

​संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं को सुनें।

​ईमानदारी को अपने कार्य का आधार बनाएं।

​अनुशासन का पालन करते हुए जिम्मेदारियां निभाएं।

​पूर्ण मनोयोग से देश और राज्य की तरक्की में योगदान दें।

​इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ० बी० राजेन्दर, सचिव श्री अनुपम कुमार, श्री कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह भी उपस्थित थे

यह भी पढ़े

अन्य खबरे