Monday, February 23, 2026
Homeपटना जिला स्तरीय ‘मशाल’ खेल प्रतियोगिता में सागर और आशा ने जीते...

पटना जिला स्तरीय ‘मशाल’ खेल प्रतियोगिता में सागर और आशा ने जीते स्वर्ण पदक, गुरुवार को होंगे फाइनल मुकाबले

कंकड़बाग खेल परिसर में आयोजित चार दिवसीय पटना जिला स्तरीय प्रतिभा खोज ‘मशाल’ खेल प्रतियोगिता में बुधवार को हुए विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। बालक अंडर-14 के 5 किलोमीटर साइक्लिंग फाइनल में संपतचक प्रखंड के सागर कुमार ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। खुशरूपुर प्रखंड के धनराज कुमार को रजत और दानापुर प्रखंड के लंकी कुमार को कांस्य पदक मिला।

वहीं बालिका अंडर-14 साइक्लिंग स्पर्धा में पंडारक प्रखंड की आशा कुमारी ने स्वर्ण पदक जीता। पटना सदर प्रखंड की प्रियंका खतरी को रजत और दुल्हिन बाजार प्रखंड की सुहानी कुमारी को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।

कबड्डी में पंडारक और अथमलगोला आमने-सामने
बालक अंडर-14 कबड्डी के सेमीफाइनल में अथमलगोला प्रखंड ने घोसवरी को 34-4 से हराया, जबकि पंडारक ने बिहटा को 37-21 से मात दी। अब गुरुवार को फाइनल मुकाबला पंडारक और अथमलगोला के बीच खेला जाएगा। इससे पहले हुए क्वार्टर फाइनल में घोसवरी ने फुलवारीशरीफ को 23-19, अथमलगोला ने नौबतपुर को 30-14, पंडारक ने पटना सदर को 24-7 और बिहटा ने मनेर को 24-16 से हराया।

फुटबॉल में धनरूआ बनाम फुलवारीशरीफ फाइनल
बालक अंडर-14 फुटबॉल के सेमीफाइनल में धनरूआ ने मनेर को 8-0 से और फुलवारीशरीफ ने दुल्हिन बाजार को 9-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

एथलेटिक्स में दमदार प्रदर्शन
बालिका अंडर-14 एथलेटिक्स में 60 मीटर दौड़ में पटना सदर की लक्की कुमारी प्रथम, फुलवारीशरीफ की वंदना कुमारी द्वितीय और बाढ़ की लाडली कुमारी तृतीय रहीं। 600 मीटर दौड़ में दानापुर की सोनाक्षी कुमारी प्रथम, अथमलगोला की प्रीति कुमारी द्वितीय और पंडारक की मुस्कान कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

लंबी कूद में दानापुर की यासमीन परवीन ने स्वर्ण, दुल्हिन बाजार की अंजू कुमारी ने रजत और पालीगंज की कविता कुमारी ने कांस्य पदक जीता।
क्रिकेट बॉल थ्रो में बख्तियारपुर के कन्हैया प्रसाद प्रथम, बिक्रम के कुणाल कुमार द्वितीय और धनरूआ के राहुल कुमार तृतीय स्थान पर रहे।

जिला खेल पदाधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण और समापन समारोह गुरुवार को अपराह्न 1 बजे आयोजित किया जाएगा।

 

यह भी पढ़े

अन्य खबरे