पटना। आयुक्त, पटना प्रमंडल डॉ. चन्द्रशेखर सिंह और पुलिस महानिरीक्षक, केन्द्रीय प्रक्षेत्र, पटना श्री जितेन्द्र राणा ने सोमवार को विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा की। आयुक्त कार्यालय स्थित सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में प्रमंडल के सभी छह जिलों – पटना, नालन्दा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर – के जिला निर्वाचन पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में आयुक्त ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी और उत्तरदायित्वपूर्ण माहौल में चुनाव कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चुनाव की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने निरोधात्मक कार्रवाई, शस्त्र अनुज्ञप्ति और दुकानों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया। असामाजिक तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, मद्य निषेध कानून का सख्ती से पालन कराने पर बल दिया गया।
आयुक्त ने मतदान केन्द्रों पर न्यूनतम सुविधाएं जैसे पेयजल, शौचालय, बिजली, रैम्प, साइनेज, शेड और फर्नीचर उपलब्ध कराने तथा उनका भौतिक सत्यापन करने का आदेश दिया। उन्होंने कार्मिकों की आवश्यकता, ईवीएम-वीवीपैट प्रबंधन, वज्रगृह की सुरक्षा, अर्द्धसैनिक बलों के आवासन, परिवहन और तकनीकी प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
बैठक में भेद्यता मानचित्रण, मतदान केन्द्रों पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, पोलिंग पार्टी व पुलिस बल की तैनाती, वाहन प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता के पालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
आयुक्त ने सभी जिलों में सघन मतदाता जागरूकता अभियान और प्रभावी बूथ-स्तरीय संचार योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अपील की कि सभी मतदाता लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मतदान जरूर करें।
प्रमंडलवार मतदान केन्द्रों की संख्या:
पटना: 5665
नालन्दा: 2765
बक्सर: 1567 (संभावित)
भोजपुर: 2551
रोहतास: 2692
कैमूर: 1484
यह तैयारियां सुनिश्चित करेंगी कि विधानसभा चुनाव 2025 सुगम, सुरक्षित, पारदर्शी और समावेशी तरीके से सम्पन्न हो।
