पटना, 24 सितम्बर 2025।
पटना शहर में बुधवार को अतिक्रमण उन्मूलन अभियान का 19वां दिन रहा। आयुक्त, पटना प्रमंडल डॉ. चन्द्रशेखर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष मल्टी-एजेंसी अभियान में नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस, परिवहन, राजस्व, पथ निर्माण, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशाम, विद्युत, दूरसंचार सहित कई विभागों की टीमें शामिल रहीं।
आयुक्त ने सभी संबंधित एसडीओ और एसडीपीओ को निर्देश दिया कि वे अभियान का नियमित पर्यवेक्षण करें, पुनः अतिक्रमण न होने पाए इसके लिए फॉलो-अप टीम लगातार सक्रिय रखें और व्यवधान डालने वालों के विरुद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई करें।
कहां-कहां चली कार्रवाई
पाटलिपुत्र अंचल: पुराना म्यूजियम से पुलिस लाइन रोड होते हुए आयुक्त कार्यालय तक अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान ठेला-फेरी वालों को हटाया गया, एक गन्ना जूस मशीन जब्त की गई और ₹3,000/- जुर्माना वसूला गया।
अजीमाबाद अंचल: शीतला माता मंदिर से एनएमसीएच होकर डंका इमली तक सड़क किनारे के ठेले, गुमटी और दुकानें हटाई गईं। यहां ₹1,400/- जुर्माना वसूला गया।
आज विभिन्न अंचलों में कुल ₹4,400/- जुर्माना वसूला गया।
विशेष वाहन चेकिंग और मॉनिटरिंग सेल
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया। आयुक्त ने संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वे अतिक्रमण हटाने का विवरण स्टेशन डायरी में दर्ज करें और किसी भी हाल में दोबारा अतिक्रमण न होने दें।
जिला पदाधिकारी पटना डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने आयुक्त के निर्देश पर एक पाँच-सदस्यीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया है, जिसमें पुलिस अधीक्षक (यातायात), अपर जिला दंडाधिकारी (नगर व्यवस्था), पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था), अपर नगर आयुक्त (नगर निगम) और सिटी मजिस्ट्रेट को शामिल किया गया है। यह टीम अतिक्रमण उन्मूलन की स्थिति पर लगातार नजर रखेगी।
प्रशासन की प्राथमिकता: सुगम यातायात
आयुक्त डॉ. सिंह ने स्पष्ट कहा कि सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने दोहराया कि अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाएगा और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
