Tuesday, March 17, 2026
Homeराजनीतिसारण में नाबालिग से दुष्कर्म मामले को दबाने की कोशिश, नीट छात्रा...

सारण में नाबालिग से दुष्कर्म मामले को दबाने की कोशिश, नीट छात्रा के साथ हुए अन्याय की याद दिलाती है: मनोज भारती

पटना: जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने मंगलवार को सारण में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले को लेकर प्रेस वार्ता की और बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले में प्रशासन से जो स्पष्टता और पारदर्शिता अपेक्षित थी, वह पूरी तरह से गायब दिखी। उन्होंने जहानाबाद के नीट छात्रा मौत मामले का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना में भी लगातार संघर्ष के बाद ही सरकार हरकत में आई थी।

मनोज भारती ने सारण की घटना को बेहद दुखद और चौंकाने वाला बताते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन पीड़ित परिवार पर दबाव बना रहा था कि वे यह कहें कि मामले में किसी की गलती नहीं है। उन्होंने कहा, “इस घटना को दबाने की कोशिश हमें नीट छात्रा के साथ हुए अन्याय की याद दिलाती है।”

उन्होंने बताया कि पार्टी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय प्रभारी को मौके पर भेजा। इसके बाद पटना से सरवर अली और राकेश पटेल भी सारण जाकर पीड़ित परिवार से मिले।

स्थानीय प्रशासन पर मामला दबाने का आरोप: सरवर अली
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी नेता सरवर अली ने इस घटना को बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने गए थे और आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे स्थानीय प्रशासन ने मामले को दबाने और दबाव बनाने की कोशिश की।

उन्होंने कहा, “हमने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया है कि हम इस मुद्दे को मजबूती से उठाएंगे ताकि उन्हें न्याय मिल सके।”

वहीं, अनूप मैथिल ने कहा कि यह घटना 4–5 दिन पुरानी है और सारण पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने की बजाय सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया, जिसमें पीड़ित परिवार का चरित्रहनन किया गया। हालांकि बाद में उस पोस्ट को हटा लिया गया।

बढ़ते अपराध प्रशासनिक विफलता का संकेत
मनोज भारती ने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं प्रशासनिक विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था पर जनता का भरोसा कमजोर होना लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरे का संकेत है।

उन्होंने दोहराया कि जन सुराज पार्टी न्याय और सुशासन की लड़ाई में जनता के साथ है और पीड़िता को न्याय मिलने तक इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।

प्रेस वार्ता में इंदु सिन्हा, राकेश पटेल, पद्मा ओझा और अनूप मैथिल भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़े

अन्य खबरे